खूब थिरकें: नाचने से कम होती है कैलोरी
 Health & Fitness    Animesh

अकसर कहा जाता रहा है कि नृत्य सबसे अच्छा व्यायाम हैं, लेकिन यह मोटापे को दूर करने में भी बहुत लाभकारी है। इसके अलावा डांस से डिप्रेशन से उबरने में भी मदद मिलती है। डांसिंग एक साथ कई सारे फायदों का खजाना है। इन्हीं फायदों को देखते हुए टीवी पर कई रियलिटी शो भी शुरू किए गए हैं, जिनका मकसद टैलंट के साथ हेल्थ को भी बढ़ावा दना है। महज 30 मिनट की डांसिंग से 150 कैलोरी कम की जा सकती है। सबसे अच्छी चीज है कि इसमें किसी पार्टनर या ग्रुप की जरूरत नहीं होती। लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल के फिजियोथेरेपिस्ट अरविंद कुमार के मुताबिक डांस के जरिए आप फिजिकली और मेंटली स्ट्रॉन्ग बनते हैं।

डांस से बहुत पसीना बहता है, जिससे निगेटिव हार्मोन्स कम होते हैं और खुशी देने वाले हार्मोन्स रिलीज होना शुरू होते हैं। यही नहीं बिजी होने पर निगेटिव थॉट्स खुद ब खुद कम हो जाते हैं। नई एक्टिविटी, जगह और नया सर्कल पुरानी यादों से बाहर निकलने में साइकोलॉजिकल हेल्प करता है। डांस से मसल्स रीलैक्स होती हैं और स्ट्रेस खत्म होता है। डांस करना भी शारीरिक व्यायाम का ही एक तरीका है जो हर उम्र के लोगों के लिए हर लिहाज से फायदेमंद साबित होता है। डांस के कई तरीके होते हैं और सबके अपने फायदे।

हिप-हॉप – हिप-हॉप करते वक्त बॉडी के सारे पार्ट्स और मसल्स का मूवमेंट होता है। हाथ-पैर, कमर, पीठ सभी की सही एक्सरसाइज हो जाती है। 60 मिनट के हिप-हॉप से 370 कैलोरी एक साथ बर्न की जा सकती है।

सालसा – डांसिंग के इस फॉर्म से 60 मिनट में लगभग 405 कैलोरी बर्न की जा सकती है। अलग-अलग वजन वाले लोगों में कैलोरी बर्न होने की मात्रा भी अलग-अलग होती है।

बैले – बहुत सारे और अलग-अलग मूवमेंट्स वाले इस डांस के द्वारा एक घंटे में 380 से 450 कैलोरी तक बर्न करके मोटापा कम किया जा सकता है। इसके साथ ही बॉडी की फ्लेक्सिबिलिटी और पैर के मसल्स भी स्ट्रॉन्ग होते हैं।

ब्रेक डांस – फेमस और सबके फेवरिट इस डांस मूवमेंट से 400 से 650 कैलोरी एक घंटे में बर्न की जा सकती है। डांस के इस फॉर्म में सबसे ज्यादा फायदे हैं।

फोक डांस – इस डांस को आराम से करते हुए 250 से 330 कैलोरी और फास्ट मूवमेंट करते हुए 310 से 420 कैलोरी बर्न होती है।